बहराइच में चार महिलाओं पर चाकू से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 12 घंटे के भीतर पुलिस ने दबोचा
बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में महिलाओं पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज वारदात के आरोपी को पुलिस ने घटना के करीब 12 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, 14 और 15 नवंबर की दरमियानी रात एक युवक ने पुरानी रंजिश और मुकदमे को लेकर नाराजगी के चलते एक युवती, उसकी अमरीन और दो अन्य महिलाओं पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वारदात में घायल महिलाओं को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही दरगाह शरीफ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वृंदजीत श्रीवास्तव ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया।
इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्र की निगरानी में थानाध्यक्ष अमितेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने छापेमारी और तलाश अभियान चलाया।
रविवार सुबह 11 बजे हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने रविवार सुबह करीब 11 बजे अरजान कुरैशी (23) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है। वह अब्दुल कलाम कुरैशी उर्फ मुन्ना का बेटा है। पुलिस ने उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है।
आर्म्स एक्ट की धारा भी जोड़ी गई
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 भी जोड़ी गई है। गिरफ्तारी के बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय भेज दिया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने रखा है। पुलिस का कहना है कि वर्ष 2020 में भी उसके खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और आपसी रंजिश में हिंसक घटनाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।